March 7, 2026

नकली नोट बनाने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, थाना आदर्श नगर पुलिस की कार्रवाई

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 31 दिसंबर को थाना आदर्श नगर पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नकली नोट बनाने और चलाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना आदर्श नगर की टीम ने डीलर चौक स्थित मार्केट से लक्की (19 वर्ष) निवासी गांव गिदोह, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी बल्लभगढ़ को नकली नोट चलाते हुए काबू किया। आरोपी के पास से ₹200 के 5 और ₹100 के 6 नकली नोट बरामद किए गए। इस संबंध में थाना आदर्श नगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में लक्की ने बताया कि वह ये नकली नोट योगेश (19 वर्ष) निवासी मुकेश कॉलोनी, बल्लभगढ़ से लेकर आया था। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने योगेश को अनाज मंडी, बल्लभगढ़ से गिरफ्तार कर लिया।

योगेश ने पूछताछ में बताया कि उसने असली नोटों की कॉपी प्रिंटर के जरिए छापकर नकली नोट तैयार किए थे और उन्हें बाजार में चलाने के लिए लक्की को दिया था। योगेश के कब्जे से 500 रुपये का एक, 100 रुपये के 4 नकली नोट और एक प्रिंटर बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।