Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने गाड़ी का साइलेंसर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, भगवान सेवक निवासी सेक्टर-27 ने शिकायत दी थी कि 17 सितम्बर को शेर मोहम्मद नामक व्यक्ति ने फोन पर गाड़ी बुक की थी ताकि स्प्रिंग फिल्ड एरिया, प्लॉट नंबर 13 से सामान सेक्टर-58 ले जाया जा सके। जब शिकायतकर्ता वहां गाड़ी लेकर पहुंचा तो शेर मोहम्मद ने उसे प्लॉट नंबर 16 पर अकेले आने को कहा। लेकिन वहां कोई नहीं मिला। वापस लौटने पर उसने देखा कि गाड़ी का साइलेंसर चोरी हो चुका था। इस पर थाना सेक्टर-31 में मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी शेर मोहम्मद (33), निवासी गांव ताजपुर, दिल्ली और शान मोहम्मद (30), निवासी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश मिलकर वारदात करते थे। वे किसी भी वाहन पर लिखे मोबाइल नंबर पर कॉल करके सामान ढुलाई का बहाना बनाते और मौके पर गाड़ी आने पर चालक को बहला-फुसलाकर साइलेंसर चोरी कर लेते थे।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

