Faridabad Alive News: फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में एक मिठाई विक्रेता से झूठा मैसेज भेजकर 63 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सेक्टर-7 निवासी पीड़ित ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी कि उसकी बल्लभगढ़ में मिठाई की दुकान है। 4 मई को एक अंजान व्यक्ति ने फोन कर 5 हजार रुपये की मिठाई का ऑर्डर दिया। बाद में उसने फोन करके कहा कि उसने गलती से ज्यादा पैसे भेज दिए हैं और एक फर्जी ट्रांजैक्शन मैसेज भेजा। झांसे में आकर दुकानदार ने उसे 63 हजार रुपये वापस भेज दिए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। जांच के दौरान साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने दो आरोपियों दीपक (24) निवासी जिला शामली, उत्तर प्रदेश और अजय (38) निवासी जैतपुर, दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि दीपक खाताधारक है जिसने अपना बैंक खाता अजय को इस्तेमाल के लिए दे रखा था। दीपक प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है जबकि अजय दूध बेचने का काम करता है। खातों में ठगी की रकम में से 35 हजार रुपये आए थे।
आरोपियों से आगे की पूछताछ के लिए अदालत से दीपक को 6 दिन और अजय को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

