Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने पॉलिसी बाजार का कर्मचारी बनकर इंश्योरेंस रिन्यू कराने के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक व्यक्ति से कुल 35,288 रुपये की ठगी की थी। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, दरियाव नगर, रोहतक निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे एक फोन कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को पॉलिसी बाजार का कर्मचारी बताया और उसकी इंश्योरेंस पॉलिसी रिन्यू कराने के लिए भुगतान करने को कहा। ठग की बातों में आकर उसने 17,644 रुपये का भुगतान कर दिया।
अगले दिन आरोपी ने दोबारा फोन कर बताया कि उसकी पेमेंट अटक गई है और फिर से पैसे भेजने होंगे। इस पर शिकायतकर्ता ने दोबारा 17,644 रुपये का भुगतान कर दिया। जब काफी समय बाद भी पॉलिसी नहीं मिली तो उसने पॉलिसी बाजार के कस्टमर केयर से संपर्क किया, जहां उसे पता चला कि उसके साथ ठगी हुई है।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अजय निवासी गांव कुचिला, जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी नटवर नगर, मथुरा और सुमित शर्मा निवासी गांव अकबरपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुमित शर्मा ने अपना बैंक खाता दोस्त अजय को दिया था। इसके बाद अजय ने इस खाते का इस्तेमाल ठगी के लिए किया। सुमित के खाते में कुल 35,288 रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस के अनुसार सुमित मथुरा के एक स्कूल में कैब चालक है, जबकि अजय बेरोजगार है।

