March 7, 2026

टेलीग्राम टास्क के नाम पर 3.22 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह ठगी टेलीग्राम पर टास्क पूरा कर ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर की गई थी।

साइबर थाना NIT की टीम ने इस मामले में ओम प्रकाश निवासी भिनसर, जिला बीकानेर (राजस्थान) और देवेन्द्र निवासी रामदेव नगर, बीकानेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, NIT-5 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 15 नवंबर 2025 को उसके व्हाट्सएप पर एक लिंक आया। लिंक पर क्लिक करते ही वह एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गया। वहां उसे छोटे-छोटे टास्क पूरे करने पर मोटा मुनाफा मिलने का झांसा दिया गया।

ठगों ने अलग-अलग टास्क के नाम पर पीड़ित से कुल 3 लाख 22 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। बाद में जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से मना कर दिया।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी ओम प्रकाश ने अपनी बहन के नाम से बैंक खाता खुलवाया था, जिसे उसने अपने साथी देवेन्द्र को इस्तेमाल के लिए दिया। इस खाते में ठगी की रकम में से 45 हजार रुपये आए थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।