September 28, 2026

Flexi Loan दिलाने के नाम पर 2 लाख रुपये की ठगी, जुड़वा भाई गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: Flexi Loan दिलाने के नाम पर 2 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने दो खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभ और शुभांश, निवासी महरौली, दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों आरोपी जुड़वा भाई हैं।

पुलिस के अनुसार, पर्वतीय कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि मई 2026 में उसके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने उसे Flexi Loan दिलाने की बात कही और बताया कि लोन के अलावा कोई अन्य शुल्क नहीं देना होगा।

शिकायत के अनुसार, इसके बाद कथित व्यक्ति ने लोन पर 15.8 प्रतिशत ब्याज दर बताई और 22 हजार रुपये का अतिरिक्त शुल्क लगा दिया। ब्याज की दर और 22 हजार रुपये वापस दिलाने के नाम पर शिकायतकर्ता से अलग-अलग तरीके से कुल 2 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। इसके बाद उसे कोई रकम वापस नहीं मिली।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने दोनों खाताधारकों को साकेत मेट्रो स्टेशन, दिल्ली से गिरफ्तार किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 1.80 लाख रुपये शुभ के बैंक खाते और 20 हजार रुपये शुभांश के खाते में आए थे। पुलिस के अनुसार, शुभ B.Tech और शुभांश BBA की पढ़ाई कर रहा है।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।