July 22, 2026

राहुल गांधी की हिरासत पर विजय की पार्टी TVK का हमला, कहा- लोकतंत्र पर सीधा हमला

राहुल गांधी की हिरासत पर तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) की प्रतिक्रिया

New Delhi/Alive News: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने की कड़ी आलोचना की है।

टीवीके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के समर्थन में पहुंचे राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लेना और हथकड़ी लगाकर ले जाना लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है। पार्टी ने इस कार्रवाई को बेहद निंदनीय बताया।

पार्टी ने अपने बयान में कहा कि देश की राजधानी में लोकतंत्र को कुचलने जैसी घटनाएं चिंता का विषय हैं और इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

टीवीके ने नीट परीक्षा का भी विरोध दोहराया। पार्टी का कहना है कि नीट लागू होने के बाद से इसकी विश्वसनीयता पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। साथ ही छात्रों पर मानसिक दबाव बढ़ा है और उनके भविष्य को लेकर अनिश्चितता पैदा हुई है।

पार्टी ने केंद्र सरकार से मांग की कि छात्रों के हित में नीट परीक्षा को पूरी तरह समाप्त किया जाए।

गौरतलब है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सांसदों ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 7 लोक कल्याण मार्ग के बाहर प्रदर्शन किया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था। हालांकि, कुछ घंटे बाद राहुल गांधी और अन्य नेताओं को छत्रसाल स्टेडियम से रिहा कर दिया गया।