September 27, 2026

ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर निगम क्लर्क ने की आत्महत्या

Faridabad/Alive News: नगर निगम में क्लर्क पद पर कार्यरत अकुंर तेवतिया ने महिला निगमकर्मी की प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मृतक के घर से एक सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में मृतक ने अपनी मौत का जिम्मेदार महिला निगमकर्मी हिमानी कपूर और उसकी मां पूनम को बताया है।

दरअसल, जानकारी के मुताबिक सुसाइड नोट में मृतक ने लिखा है कि ब्याज पर लिए पैसे देने के बहाने हिमानी कपूर ने उसे घर पर बुलाया। गलत काम कर ब्लैकमेल कर रही थी। पिछले लॉकडाउन में गुरुद्वारे में ले जाकर जबरन शादी भी कर ली और 18 लाख रुपए हड़प लिए। अब बर्दाश्त नहीं कर सकता। मृतक के भाई रोचक सिंह तेवतिया की शिकायत पर छांयसा थाना पुलिस ने दोनों महिला आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी कुलदीप का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की जांच की जा रही है।

मृतक के मामा राजीव कुमार ने बताया कि सुसाइड नोट लिखने के बाद ही अंकुर ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था। जहर खाने के बाद उसने अपने मौसेरे भाई को फोनकर इसकी सूचना दी। इसके बाद मौसेरे भाई ने मृतक के छोटे भाई रोचक सिंह को बताया। जब वह ऊपर के कमरे से नीचे आया तो अंकुर की हालत खराब हाेने लगी थी। भाई ने परिजनों के साथ उसे तत्काल बल्लभगढ़ स्थित मानवता अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गयी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव काे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आपको बता दे कि महिला निगमकर्मी हिमानी कपूर और अंकुर साथ साथ नौकरी करते थे। दोनों शादीशुदा हैं। अंकुर के 11 साल का एक बेटा है जबकि हिमानी कपूर के दाे जुड़वा बच्चे हैं।

वर्तमान में अंकुर ईओ ब्रांच में कार्यरत थे जबकि हिमानी कपूर फाइनेंस ब्रांच में डिस्पैच पर कार्यरत है। निगमकर्मियों की मानें तो दोनों की आपस में खूब बनती थी। घटना में हिमानी कपूर का नाम सामने आने को लेकर निगम में चर्चाओं का बाजार गर्म है। उधर थाना प्रभारी का कहना है कि छोटे भाई की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सुसाइड नोट की जांच की जा रही है।