August 5, 2026

तेज आंधी में गिरे पेड़ और होडिंग

दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी के दौरान कम हुई दृश्यता और तेज हवाओं का दृश्य।

Noida/Alive News: मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। गर्मी से बचने के लिए लोग सिर ढककर घरों से बाहर निकलते नजर आए। हालांकि दोपहर करीब दो बजे मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में घने बादल छा गए। इसके कुछ ही देर बाद तेज आंधी चलने लगी, जिससे शहर के कई इलाकों में पेड़ और होर्डिंग गिर गए।

आंधी के कारण लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन पूरे शहर में धूल का गुबार छा गया। सड़कों और खुले क्षेत्रों में धूल-ही-धूल दिखाई दी, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 

मौसम में आए इस बदलाव के दौरान तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से घटकर 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को अस्थायी राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी  39 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं गुरुवार से तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। विभाग का अनुमान है कि 28 जून तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के साथ गर्मी और उमस में भी इजाफा होगा। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।