Noida/Alive News: बिसरख ब्लॉक स्थित कंपोजिट स्कूल अब बेहतर शैक्षिक सुविधाओं के कारण चर्चा में है। पांच सौ से अधिक छात्रों वाले इस सरकारी स्कूल में बच्चों को पढ़ाई का नया माहौल देने के लिए 1200 से अधिक किताबों वाली आधुनिक लाइब्रेरी और तीन नए क्लासरूम तैयार किए गए हैं। जिसका मंगलवार से छात्र और छात्राएं लाभ उठा सकेंगे।
स्कूल में बनी लाइब्रेरी का निर्माण सीएसआर के तहत भविष्य एनजीओ ने कराया है। इसे तैयार कराने में सहायक अध्यापिका अर्चना पांडे की अहम भूमिका रही, जबकि प्रिंसिपल मंजू लता सिंह ने पूरे अभियान का नेतृत्व और सहयोग किया। लाइब्रेरी में बच्चों के लिए विभिन्न विषयों की किताबें उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे उनमें पढ़ने की आदत विकसित हो सके।
इसके अलावा बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूल में तीन नए कमरे भी बनवाए हैं। ये कमरे हवादार, आकर्षक और आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। फर्श पर टाइल्स लगाई गई हैं और बच्चों के बैठने के लिए आरामदायक व्यवस्था की गई है। शिक्षकों का कहना है कि बेहतर भवन और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं मिलने से बच्चों की पढ़ाई में रुचि बढ़ेगी और सीखने का माहौल पहले से अधिक बेहतर होगा।

