Faridabad/Alive News: आगामी जनगणना 2027 के तहत हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना के लिए अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम नगर निगम मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण 5 और 6 मार्च को आयोजित किया जा रहा है, जिसका पहला दिन वीरवार को संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण में भारत सरकार के जनगणना विभाग से आए सहायक निदेशक एवं डिविजनल जनसंख्या इंचार्ज कृष्ण कुमार और जिला समन्वय अधिकारी व मुख्य ट्रेनर प्रशांत शर्मा ने अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, हाउस लिस्टिंग, परिवारों से जानकारी एकत्र करने और प्रपत्र भरने की विधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान अधिकारियों को जनगणना कार्य को पारदर्शिता, जिम्मेदारी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण में फरीदाबाद के जनगणना अधिकारी गौरव अंतिल भी मौजूद रहे।
निगम आयुक्त व मुख्य जनगणना अधिकारी धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशानुसार विभिन्न जोनों में अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण में चार्ज अधिकारी, सहायक चार्ज अधिकारी, चार्ज क्लर्क समेत कई विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
जिला प्रशासन ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए सभी अधिकारी प्रशिक्षण में प्राप्त निर्देशों के अनुसार अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करें।

