September 15, 2026

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के लिए अधिकारियों को प्रशिक्षण

Faridabad/Alive News: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर जिले के निर्वाचन अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

निर्वाचन कानूनगो तिलक राज ने निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (AERO) और अतिरिक्त एईआरओ को पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 1 जून 2026 को आधार तिथि मानते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य शुरू हो चुका है। इसके तहत 15 जून से 14 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र देंगे और भरे हुए फॉर्म लेकर उनकी डिजिटाइजेशन प्रक्रिया पूरी करेंगे।

इसके साथ ही 14 जुलाई तक मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन भी किया जाएगा, ताकि प्रत्येक बूथ पर मतदाताओं की संख्या संतुलित रहे और चुनाव प्रक्रिया बेहतर तरीके से संचालित हो सके।

तिलक राज ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची 21 जुलाई 2026 को प्रकाशित होगी। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। वहीं, इनका निपटारा 18 सितंबर तक किया जाएगा और 22 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के नियमों और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 एवं 1951 के प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि केवल पात्र नागरिकों के नाम ही मतदाता सूची में शामिल किए जाएं और मृत, स्थानांतरित या डुप्लीकेट नामों को नियमानुसार हटाया जाए।

कार्यक्रम में बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम डॉ. हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।