June 26, 2026

सोमनाथ यात्रा के लिए 6 जून तक करें आवेदन : डीसी 

Faridabad/Alive News: उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के निशुल्क दर्शन करवाएगी। इसके लिए 8 जून 2026 को विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। इच्छुक श्रद्धालु 6 जून तक सरल पोर्टल या नजदीकी अटल सेवा केंद्र और सीएससी के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

डीसी ने बताया कि यह यात्रा ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व एक हजार वर्ष की धैर्यगाथा, अटूट आस्था’ कार्यक्रम के तहत आयोजित की जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 8 जून को कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन से स्पेशल ट्रेन को रवाना करेंगे। फरीदाबाद के श्रद्धालु अपने नजदीकी रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होंगे। स्टेशन तक पहुंचने की व्यवस्था यात्रियों को स्वयं करनी होगी।

डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल ने बताया कि यात्रा के लिए सरल पोर्टल पर पंजीकरण और सहमति देना अनिवार्य है। बिना पंजीकरण किसी को यात्रा की अनुमति नहीं मिलेगी। चयन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान धूम्रपान और नशीले पदार्थों का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, पंजीकरण के बाद यात्रा पर नहीं जाने वाले श्रद्धालु अगले तीन साल तक किसी भी सरकारी तीर्थ यात्रा योजना का लाभ नहीं ले सकेंगे।

यात्रा के लिए मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, मेडिकल हिस्ट्री, फोटो पहचान पत्र, परिवार पहचान पत्र (PPP), स्व-घोषणा पत्र और पिछले तीन वर्षों में योजना का लाभ न लेने का प्रमाण देना जरूरी होगा।

योजना के तहत सरकार रहने, भोजन और स्थानीय परिवहन की व्यवस्था करेगी। केवल हरियाणा निवासी और पीपीपी धारक ही आवेदन कर सकेंगे। 60 वर्ष या उससे अधिक आयु तथा 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले वरिष्ठ नागरिक अपने जीवनसाथी को भी निशुल्क साथ ले जा सकेंगे।

डीसी ने कहा कि पात्र व्यक्ति हर तीन साल में एक बार ही इस योजना का लाभ ले सकता है। आवेदन करने के बाद श्रद्धालुओं को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय में अपनी जानकारी देना भी जरूरी होगा।