March 7, 2026

ट्रेन यात्रा: जनरल टिकट का प्रिंट जरूरी नहीं, मोबाइल टिकट ही मान्य

Faridabad/Alive News: जहां पहले ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को अपनी टिकट के प्रिंट का ध्यान रखना होता था, कही वह खो न जाए। साथ ही हाल ही में वायरल एक वीडियो के माध्यम से जो भ्रम फैलाया गया था उसे दूर करने ले लिए भारतीय रेलवे ने जनरल (अनरिजर्व्ड) टिकट को लेकर स्पष्ट किया है कि यूटीएस (अनरिजर्व्ड टिकटिंग सिस्टम) मोबाइल ऐप से बुक किए गए टिकट का प्रिंटआउट लेना अनिवार्य नहीं है।

भारतीय रेलवे के अनुसार ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को यात्रा के दौरान यूटीएस एप खोलकर शो टिकट के विकल्प पर क्लिक करना होगा। साथ ही मोबाइल के माध्यम से ही टीटीई ( टिकट चेकिंग स्टाफ ) को टिकट दिखाए। मोबाइल से यूटीएस पर बुक की गई टिकट पूरी तरह वैध मानी जाएगी।

कौन सा वीडियो हुआ था वायरल
दरअसल, हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एक टीटीई यात्री से यूटीएस ऐप से बुक किए गए टिकट की प्रिंटेड कॉपी मांगता दिखाई दे रहा था। इसके बाद यात्रियों के बीच यह भ्रम फैल गया था कि मोबाइल टिकट के साथ प्रिंट रखना जरूरी हो गया है। लेकिन इस पर संज्ञान लेते हुए भारतीय रेलवे ने स्पष्ट करते हुए कहा है कि यूटीएस ऐप का मोबाइल टिकट ही पर्याप्त है और इसके लिए किसी प्रकार के प्रिंट की आवश्यकता नहीं है।

क्या सलाह है रेलवे की यात्रियों को
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा के दौरान मोबाइल फोन में पर्याप्त बैटरी और इंटरनेट कनेक्टिविटी अवश्य रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर टिकट आसानी से दिखाया जा सके।