Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के न्यू टाउन रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार शाम को दर्दनाक हादसे में दो युवकों ने अपनी जान गवां दी। हादसा उस समय हुआ जब युवक पैदल रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गए।
जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले एक युवक की पहचान टेक चंद (32) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। टेक चंद के भाई सतबीर ने बताया कि दोनों युवक सेक्टर-7 बल्लभगढ़ स्थित एक वर्कशॉप में काम करते थे। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। टेक चंद के परिवार में इस हादसे के बाद मातम छाया हुआ है।
बता दें कि कई जगहों पर रेलवे लाइन गांवों, बस्तियों और झुग्गियों के बीच से होकर गुजरती है। ऐसी स्थिति में हादसे से बचने के लिए रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाती हैं, लेकिन फिर भी लोग अपनी जान की परवाह किए बिना हेडफोन लगाकर या बिना इधर-उधर देखे रेलवे ट्रैक को पैदल पार करते हैं। ऐसे में ट्रेन की चपेट में आकर अपनी जान गंवा देते हैं।

