March 7, 2026

फरीदाबाद में दर्दनाक हादसा: पानी के टैंकर ने 5 साल की बच्ची को कुचला, मदरसे जा रही थी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की नेहरू कॉलोनी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 5 साल की बच्ची की मौत हो गई। यह हादसा मस्जिद चौक के पास उस समय हुआ, जब बच्ची पैदल मदरसे पढ़ाई के लिए जा रही थी। बच्ची पानी की सप्लाई के लिए आए एक टैंकर की चपेट में आ गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। नेहरू कॉलोनी निवासी अशफाक की 5 साल की बेटी रोज की तरह मदरसे जा रही थी। इसी दौरान मस्जिद चौक के पास पीछे की ओर बैक कर रहे पानी के टैंकर ने बच्ची को कुचल दिया। बताया जा रहा है कि टैंकर का पहिया बच्ची के सिर पर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के तुरंत बाद बच्ची को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।

मृत बच्ची के पिता अशफाक कॉलोनी में ही एक छोटा ढाबा चलाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि टैंकर चालक रोज इसी जगह खड़े होकर कॉलोनी में पानी की सप्लाई करता था। हादसे के बाद परिवार का रो-ोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी राजपाल ने बताया कि बच्ची की मौत की जानकारी अस्पताल से मिली है। पुलिस टैंकर चालक की लापरवाही समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।