March 11, 2026

मॉल के बाहर अवैध पार्किंग रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने मॉल प्रबंधन के साथ की बैठक

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में मॉल के बाहर होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग और ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर मंगलवार को पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक) जयवीर सिंह ने शहर के प्रमुख मॉल प्रबंधन के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य मॉल के बाहर सड़क किनारे खड़े वाहनों और खासकर शनिवार-रविवार को बढ़ने वाली भीड़ के कारण होने वाली ट्रैफिक समस्या का समाधान निकालना था।

बैठक में पेबल डाउनटाउन मॉल, क्राउन प्लाजा मॉल, एल्डिको वन मॉल, मॉल ऑफ फरीदाबाद और पार्श्वनाथ सिटी मॉल के प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान ट्रैफिक थाना प्रभारी अनोज कुमार सहित अन्य ट्रैफिक अधिकारी भी उपस्थित थे।

पुलिस अधिकारियों ने मॉल प्रबंधन को बताया कि मॉल के बाहर सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े वाहनों की वजह से ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होती है और आसपास के इलाकों में जाम लग जाता है। खासकर सप्ताहांत पर भीड़ ज्यादा होने के कारण कई लोग अपनी गाड़ियां सड़क पर ही खड़ी कर देते हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है।
ट्रैफिक पुलिस ने मॉल प्रबंधन को निर्देश दिए कि मॉल के अंदर उपलब्ध पार्किंग का सही इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाए। जरूरत पड़ने पर पार्किंग व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए। साथ ही वाहनों को सही जगह पार्क कराने के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक मार्शल या सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएं ताकि कोई वाहन सड़क किनारे खड़ा न हो।

इसके अलावा मॉल के प्रवेश और निकास द्वारों पर स्पष्ट संकेतक लगाने, पार्किंग रास्तों को व्यवस्थित करने और भीड़ के समय अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिए गए। पुलिस ने यह भी कहा कि मॉल के बाहर सड़क पर अवैध पार्किंग हटवाने की जिम्मेदारी मॉल प्रबंधन की भी होगी।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार ट्रैफिक पुलिस मॉल के आसपास अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ लगातार चालान कर रही है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। अगर भविष्य में मॉल के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग पाई गई या स्टाफ की लापरवाही से सड़क पर गाड़ियां खड़ी कराई गईं तो वाहन चालकों के साथ-साथ मॉल प्रबंधन के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मॉल के आसपास अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। किसी भी प्रकार की ट्रैफिक समस्या या सूचना के लिए लोग ट्रैफिक कंट्रोल रूम 0129-2267201 या डायल-112 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी शिकायत या जानकारी साझा की जा सकती है।