April 28, 2024

आज है सोशल मीडिया डे, जानें सोशल मीडिया का इतिहास

New Delhi/Alive News : आज वर्ल्ड सोशल मीडिया डे है। कम्युनिकेशन की दुनिया में टेलीफोन का दौर सबसे बड़ा परिवर्तन वाला दौर रहा है। उसके बाद फैक्स मशीन ने मोर्चा संभाला और अब सोशल मीडिया दुनिया का सबसे बड़ा कम्युनिकेशन सिस्टम हो गया है। सोशल मीडिया के इस दौर में कोई भी किसी से सेकेंडों में जुड़ सकता है। सोशल मीडिया की ताकत का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि यह रातों-रात किसी को स्टार बना सकता है तो किसी को आसमान से जमीन पर भी ला सकता है। सोशल मीडिया पर कोई बात जंगल की आग से भी तेजी से फैलती है। हर साल 30 जून को सोशल मीडिया डे के तौर पर मनाया जाता है। 

इतिहास
वर्ल्ड सोशल मीडिया डे की शुरुआत मासबली ने 30 जून 2010 को की थी। Mashable एक टेक्नोलॉजी वेबसाइट है। सोशल मीडिया दिवस को मनाने का मतलब पूरी दुनिया के कम्युनिकेशन सिस्टम को एक सम्मान देना है। आज हर कोई हर दिन कोई-ना-कोई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहा है। हर साल लोग 30 जून को सोशल मीडिया दिवस सेलिब्रेट करते हैं।

दुनिया का पहला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Sixdegrees को माना जाता है जिसे 1997 में लॉन्च किया गया था। सिक्सडिग्रीज साइट के जरिए लोग परिवार के सदस्यों, दोस्तों के साथ ग्रुप बना सकते थे। सिक्स डिग्रीस के यूजर्स लाखों में थे। लेकिन 2001 में इसे बंद कर दिया गया। सिक्स डिग्रीस काफी हद तक फेसबुक जैसा ही था। सिक्स डिग्रीस पर भी आप प्रोफाइल बना सकते थे और लोगों से फेसबुक की तरह की जुड़ सकते थे।

आधुनिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का तमगा Friendster को मिला है जिसे 2002 में लॉन्च किया गया। यह एशिया में काफी लोकप्रिय था। LinkedIn को पहला बिजनेस आधारित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म माना जाता है। जिसे 2003 में लॉन्च किया गया। MySpace भी एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म था जिसे 2004 में लॉन्च किया गया और इसी साल फेसबुक भी लॉन्च हुआ। 2006 तक MySpace का ही दबदबा था और यह दुनिया का सबसे बड़ा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बन गया था।

मिली जानकारी के अनुसार 2020 की एक रिपोर्ट के मुताबिक प्रत्येक 60 सेकेंड में यूट्यूब पर 4,320 मिनट के वीडियो अपलोड होते हैं। इंस्टाग्राम पर प्रत्येक एक मिनट में 2,16,00 नए फोटोज अपलोड होते हैं। इसके अलावा पिंटरेस्ट पर हर 60 सेकेंड में 3,472 फोटो पिन होते हैं और फेसबुक पर 2,460,000 कंटेंट शेयर होते हैं। प्रत्येक 60 सेकेंड में 2,77,000 ट्वीट किए जाते हैं। स्नैपचैट पर हर रोज 6 अरब वीडियो देखे जाते हैं।