September 9, 2026

कान्हा की छठी आज, झूले से लेकर खिलौनों तक होगा बाल उत्सव का रंग  

Prabhjot Kaur/Alive News

Faridabad: जन्माष्टमी के बाद अब आज एनआईटी-5 स्थित बांके बिहारी मंदिर में नंदलाल की छठी का उल्लास छाएगा। मंदिर में कान्हा की छठी को इस बार बाल उत्सव की तरह मनाने की तैयारी है। भगवान कृष्ण के लिए झूला सजाया जाएगा, शाम को छठी पूजन होगा और मंदिर पहुंचने वाले हर भक्त के लिए कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। खास बात यह रहेगी कि छठी के मौके पर बच्चों की खुशी को ध्यान में रखते हुए उन्हे खिलौने, टॉफी और चॉकलेट भी वितरित किए जाएंगे। साथ ही मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कढ़ी-चावल का भंडारा भी लगाया जाएगा।

बांके बिहारी मंदिर के पंडित विनोद शास्त्री ने बताया कि छठी को लेकर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। आज शाम चार बजे से कीर्तन शुरू होगा, जिसमें श्रद्धालु भजन-कीर्तन के साथ कान्हा की छठी का उत्सव मनाएंगे। इसके बाद शाम को विधि-विधान से छठी पूजन किया जाएगा। जिसका लिए कान्हा का विशेष झूला सजाया जाएगा और उन्हें कढ़ी-चावल का भोग लगाया जाएगा। हर साल छठी के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं। इस बार करीब 500 श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मंदिर प्रबंधन ने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर में लगे कैमरों से निगरानी रखी जाएगी, जबकि वॉलंटियर भी श्रद्धालुओं की व्यवस्था और सुरक्षा संभालेंगे।छठी के मौके पर मंदिर आने वाले प्रत्येक भक्त के लिए कढ़ी-चावल का भंडारा किया जाएगा। मंदिर प्रबंधन के अनुसार यहां हर साल छठी के प्रसाद के रूप में कढ़ी-चावल ही तैयार किया जाता है। वहीं बच्चों को खिलौने, टॉफी और चॉकलेट बांटने की तैयारी से इस बार का आयोजन खास होने वाला है। मंदिर में सुबह से ही सजावट और अन्य तैयारियों का दौर जारी रहा।