International/Alive News: अमेरिका की रियल एस्टेट टेक्नोलॉजी कंपनी Opendoor ने भारत में अपना कारोबार बंद करने का ऐलान किया है। कंपनी के इस फैसले से 200 से अधिक कर्मचारियों की नौकरियां प्रभावित होंगी। यह जानकारी कंपनी के CEO काज नेजैटियन ने कर्मचारियों को भेजे गए संदेश में दी।
CEO ने बताया कि कंपनी अपनी बिजनेस ट्रांसफॉर्मेशन रणनीति के तहत ऑपरेशनल कार्यों को अमेरिका में अपने ग्राहकों के करीब ले जा रही है। उन्होंने कहा कि Opendoor के अधिकांश ग्राहक अमेरिका में हैं, इसलिए उन्हें बेहतर सेवा देने के लिए संबंधित काम भी वहीं से संचालित किए जाएंगे।
कंपनी के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से कुछ भूमिकाओं को अमेरिका में वापस शिफ्ट किया जा रहा था। भारत में कारोबार बंद होने के बाद यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। Opendoor ने पहले कई मैनुअल वर्कफ्लो को संभालने के लिए भारत में बड़ी टीम बनाई थी, लेकिन तकनीक में सुधार और AI आधारित सिस्टम के बढ़ते उपयोग के कारण अब इन कार्यों की जरूरत कम हो गई है।
काज नेजैटियन ने स्पष्ट किया कि यह फैसला भारतीय कर्मचारियों के प्रदर्शन से जुड़ा नहीं है। उन्होंने भारत की टीम की सराहना करते हुए कहा कि यहां के कर्मचारी बेहद प्रतिभाशाली हैं और अन्य कंपनियों के लिए भी मूल्यवान साबित होंगे।
कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों को सेवरेंस पैकेज, आउटप्लेसमेंट सेवाएं और अन्य सहायता देने का आश्वासन दिया है। कुछ कर्मचारियों को महत्वपूर्ण कार्यों के ट्रांजिशन के लिए सीमित समय तक बनाए रखा जाएगा।
CEO ने कहा कि कर्मचारियों की संख्या कम होने के बावजूद Opendoor की मुख्य बिजनेस रणनीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। कंपनी का फोकस अमेरिका में घर खरीदने और बेचने वाले ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और मैनुअल कामकाज पर निर्भरता कम करने पर रहेगा।

