April 27, 2024

भेदभाव से तंग आकर लड़की ने पूरे परिवार के खाने में मिलाया जहर, चार की मौत

New Delhi/Alive News : कर्नाटक में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। एक लड़की ने भेदभाव से परेशान होकर अपने पूरे परिवार को जहर खिलाकर मार डाला। फॉरेंसिक रिपोर्ट के मुताबिक परिवार की मौत रात के खाने में मिले जहर के कारण हुई है। मिली जानकारी के अनुसार दावनगर में 17 साल की लड़की पिछले कुछ समय से अपने परिवार में भेदभाव का शिकार हो रही थी। लड़की को पढ़ाई न करने के लिए पीटा जाता था और काम करने के लिए खेतों में भेजा जाता था। उसे लगता था कि उसके घरवाले उसके साथ दुर्यव्यवहार करते हैं।

इससे तंग आकर लड़की ने एक रात पूरे परिवार के लिए खाना बनाया और उसमें जहर मिलाकर परिवार के सदस्यों के सामने परोस दिया। खाना खाने के बाद उसके माता-पिता, छोटी बहन और दादी की मौत हो गई। हालांकि इन सब में उसके बड़े भाई की जान बच गई। यह घटना जुलाई की है। लेकिन तीन महीने बाद आई फॉरेंसिक रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। 

पुलिस के मुताबिक 17 साल की लड़की राधिका अपने नाना-नानी के घर पली-बढ़ी थी। तीन साल पहले वह अपने मां-बाप के साथ रहने लगी। लड़की का ननिहाल और घर एक ही गांव में है। पुलिस ने बताया कि लड़की को लगता था कि उसे नानी के घर पर ज्यादा प्यार मिलता था और उसके मां-बाप उसके भाई-बहन को ज्यादा प्यार करते थे और उसके साथ दुर्यव्यवहार करते थे, कभी उसे खेत में काम करने के लिए भेजते तो कभी घर का पूरा काम उसी से करवाते थे। काम नहीं करने पर उसकी पिटाई भी की जाती थी। माता पिता के भेदभाव से तंग आकर लड़की ने सभी को मारने का प्लान तैयार किया और खाने में जहर मिलाकर सभी को खिला दिया।