April 25, 2024

जातिगत टिप्पणी करने के मामले में अभिनेत्री युविका चौधरी से तीन घंटे पूछताछ के बाद मिली अंतरिम जमानत

Chandigarh/Alive News : जातिगत टिप्पणी करने के मामले में अभिनेत्री युविका चौधरी हाल ही में  हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया। बीते दिनों अभिनेत्री का एक वीडियो काफी वायरल हुआ था। अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर इस वीडियो के कारण वह काफी ट्रोल भी हुई थी। दरअसल अभिनेत्री ने इस वीडियो में जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया था। जिसके बाद इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोमवार को उन्हें गिफ्तार कर लिया। 

जानकारी के मुताबिक पुलिस ने अभिनेत्री को 3 घंटे पूछताछ करने के बाद औपचारिक जमानत पर छोड़ दिया है। अभिनेत्री पर आरोप है कि उन्होंने बीते मई महीने में ये टिप्पणी की थी, जिसके बाद काफी हंगामा भी देखने को मिला था। मामले में उनके खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत दलित अधिकार कार्यकर्ता रजत कलसन ने मामला दर्ज कराया था।  

युविका का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही संबंधित वर्ग के लोगों ने एक्ट्रेस के खिलाफ गुस्सा जाहिर करते हुए हांसी थाने में उनके खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया था। इसके बाद शिकायतकर्ताओं ने वीडियो पुलिस को सौंपते हुए उसके आधार पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।

मामले में फिलहाल उन्हें पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने अंतरिम जमानत दे दी है। युविका मुंबई से हांसी पहुंची थीं। इस दौरान उनके पति प्रिंस नरूला भी उनके साथ दिखाई दिए। उनके वकील अशोक बिश्नोई की जानकारी के अनुसार ‘मेरी क्लाइंट हाई कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार जांच में शामिल हुईं और वह अभी अंतरिम जमानत पर हैं।’ अब इस केस में 24 नवंबर को हाईकोर्ट में सुनवाई होगी।

बता दें, यह पहली बार नहीं है जब किसी जानी- मानी हस्ती को जातिगत टिप्पणी के चलते गिरफ्तार किया गया हो। इससे पहले हाल ही में क्रिकेटर युवराज सिंह को भी इस मामले में गिफ्तार किया गया था। इसके अलावा तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता के खिलाफ भी इस मामले शिकायत दर्ज कराई गई थी।