Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 1500 पुलिसकर्मी शहरभर में तैनात रहेंगे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस उपायुक्त सेंट्रल उषा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके साथ सहायक पुलिस आयुक्त सेंट्रल और ओल्ड फरीदाबाद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
26 जनवरी की सुबह से ही शहर के मुख्य रास्तों, प्रवेश और निकास प्वाइंट, सार्वजनिक स्थानों और समारोह स्थलों पर नाकाबंदी कर सघन जांच की जाएगी। संदिग्ध लोगों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जाएगी। कार्यक्रम स्थलों पर मेटल डिटेक्टर के जरिए तलाशी ली जाएगी। इसके अलावा जिले में सर्चिंग और कांबिंग टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) भी तैनात की गई है।
पुलिस ने बताया कि सीमावर्ती राज्य और जिला बॉर्डर पर भी नाकाबंदी की गई है। 25 जनवरी शाम 7 बजे से 26 जनवरी दोपहर 2 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए अलग से पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और जिले के तीन प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक नाके लगाए गए हैं।
फरीदाबाद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9999150000 पर दें।

