March 8, 2026

स्वतंत्रता दिवस पर फरीदाबाद में कड़ी सुरक्षा, 2 हजार पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस आयुक्त ने 13 अगस्त को सेक्टर-12 स्थित समारोह स्थल का निरीक्षण किया और अंतिम रिहर्सल में शामिल होकर तैयारियों का जायजा लिया।

इस बार 79 वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा, जिसमें हरियाणा सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौरव गौतम मुख्य अतिथि होंगे। परेड में फरीदाबाद पुलिस की एक महिला प्लाटून समेत 4 प्लाटून हिस्सा लेंगी। इसके साथ ही मास पीटी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

सुरक्षा के लिए करीब 2 हजार पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे और 30 से ज्यादा जगहों पर नाके लगाए गए हैं। दिल्ली बॉर्डर (बदरपुर, पहलादपुर, शूटिंग रेंज, इस्माइलपुर, मांगर चुंगी) और यूपी बॉर्डर (ददसिया, मंझावली यमुना पुल, मोहना, मौजपुर टोल) पर सख्त चेकिंग हो रही है। शहर में भी जगह-जगह आंतरिक नाके लगाए गए हैं।

समारोह स्थल के चारों ओर नाकाबंदी, डीएफएमडी और एचएचएमडी मशीन से चेकिंग, स्निफर डॉग टीम, एंटी डिस्पोजल टीम और एसडब्ल्यूएटी कमांडो की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं और भारी वाहनों का शहर में प्रवेश 14 अगस्त रात 10 बजे से 15 अगस्त दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगा।

पुलिस ने बस स्टैंड, होटल, ढाबा, गेस्ट हाउस, मेट्रो स्टेशन, धार्मिक स्थल और साइबर कैफे जैसे स्थानों पर भी जांच तेज कर दी है। साथ ही नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 या कंट्रोल रूम नंबर 9999150000, 0129-2227200 पर दें।