March 7, 2026

तिगांव विधानसभा में भी होंगी शहरों जैसी सुविधाएं – विपुल गोयल

Faridabad/Alive News: शहर के विकास को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है और तिगांव क्षेत्र में भी शहरी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। यह बात कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने नीमका में 84 पाल की सरदारी को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान मंत्री राजेश नागर भी मंच पर मौजूद रहे।

मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि शहर का विकास सुशासन तथा समाज के सामूहिक सहयोग से ही संभव है। उन्होंने कहा कि, “मैं और राजेश नागर मिलकर फरीदाबाद के विकास के लिए प्रयास कर रहे हैं और इसमें जनता का भी साथ जरूरी है। कुछ लोग अफवाहों के माध्यम से विकास कार्यों में बाधा डालना चाहते हैं, ऐसे में हमें जागरूक रहने की आवश्यकता है।”

उन्होंने कहा कि कूड़ा निस्तारण व्यवस्था शहर की स्वच्छता के लिए अनिवार्य है, इसलिए विरोध केवल विरोध के उद्देश्य से ना हो। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र के नुकसान को ध्यान में रखते हुए कोई भी निर्णय नहीं लिया जाएगा।

अफवाहों पर मंत्री राजेश नागर का जवाब

समारोह में मंत्री राजेश नागर ने कहा कि नीमका में कूड़ा घर बनाए जाने की अफवाह उस समय फैलाई गई जब वे और अन्य नेता बिहार चुनाव में व्यस्त थे। उन्होंने कहा कि, “जैसे ही मुझे जानकारी मिली, मैंने तुरंत संबंधित अधिकारियों और मंत्री विपुल गोयल से बात कर स्थिति स्पष्ट की।” उन्होंने उपस्थित लोगों द्वारा मिले समर्थन और विश्वास के लिए आभार जताया।

सरदारी का प्रस्ताव : विश्वविद्यालय या आईटी हब की मांग

सभा से पूर्व सरदारी के लोगों ने नीमका स्थित 84 पाल के चबूतरे पर बैठक आयोजित की और निर्णय लिया कि क्षेत्र की जमीन पर विश्वविद्यालय, आईटी हब या किसी अन्य विकासपरक संस्था की स्थापना की मांग सरकार से की जाएगी। इस संबंध में सरदारी ने मंत्री राजेश नागर के साथ स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल को ज्ञापन सौंपा, जिस पर उन्होंने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर रणवीर चंदीला, पार्षद प्रदीप टोंगर, पार्षद लाल मिश्रा, भाजपा नेता अजय प्रताप भड़ाना, सरपंच महिपाल आर्य, ललित चौहान, केहर सिंह, हरिश्चंद्र, वेद प्रकाश, विक्रम सिंह, राम सिंह, आरडब्ल्यूए प्रेजिडेंट सेक्टर 76 विनोद नागर सहित 84 पाल की समस्त सरदारी मौजूद रही।