Faridabad/Alive News: मेवला महाराजपुर के पास मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे के बाद इलाज के लिए बीके नागरिक अस्पताल पहुंचे तीन युवकों को करीब नौ घंटे बाद रेफर किया गया। परिजनों का आरोप है कि सुबह अस्पताल पहुंचने के बाद से दोपहर तक घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग जगह भेजा जाता रहा। इस दौरान परिजन भी अस्पताल के काउंटर और विभागों के चक्कर लगाते रहे। दोपहर करीब दो बजे अस्पताल प्रशासन ने घायलों को दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार धनंजय, विकास समेत तीन युवक मोटरसाइकिल से फरीदाबाद से नोएडा जा रहे थे। सुबह करीब पांच बजे मेवला महाराजपुर के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी ग्रिल से टकरा गई। हादसे में धनंजय और विकास को गंभीर चोटें आईं, जबकि तीसरे युवक को भी चोट लगी। हादसे के बाद तीनों को बीके अस्पताल लाया गया।
परिजनों के मुताबिक, घायलों को सुबह करीब पांच बजे अस्पताल पहुंचाया गया था। उनका आरोप है कि दोपहर करीब डेढ़ बजे तक इलाज को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई और उन्हें अलग-अलग जगह जाने के लिए कहा जाता रहा। घायलों की हालत को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ती गई। उनका कहना है कि यदि अस्पताल में घायलों के इलाज की सुविधा उपलब्ध नहीं थी तो उन्हें पहले ही रेफर कर दिया जाना चाहिए था। उनका आरोप है कि करीब नौ घंटे तक इंतजार कराने से घायलों की परेशानी बढ़ी और परिवार को भी मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
अस्पताल प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई।

