Faridabad/Alive News: क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 29,500 रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मवई साई नगर निवासी पीड़ित ने शिकायत दी थी कि 29 जुलाई को उसे एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को इंडसइंड बैंक का कर्मचारी बताया और कहा कि उसका क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाई जा सकती है। इसके बाद आरोपी ने उसे एक लिंक भेजा और उसमें फॉर्म भरवाया। फॉर्म भरते ही उसके खाते से 29,500 रुपये कट गए। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल ने मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस ने मनोज कुमार (59) निवासी गांव नागल, दिल्ली, साहिल कपूर (32) निवासी मुल्तान कॉलोनी, हिसार (फिलहाल बजाज एनक्लेव, ओल्ड पालम रोड, ककरोला, द्वारका, दिल्ली) और अमन (30) निवासी जैन कॉलोनी पार्ट-3, उत्तम नगर, दिल्ली को गिरफ्तार किया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि मनोज ने साहिल और अमन को सैलरी पर रखा हुआ था और अपने घर से ही कॉल करवा कर ठगी का काम कराता था। साहिल ने बी.ए. एलएलबी की पढ़ाई की है जबकि अमन 12वीं पास है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

