March 8, 2026

जापान में नौकरी दिलाने के नाम पर 1.25 लाख की ठगी के मामले में तीन और आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने जापान में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस मामले में चार आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हैं।

शिकायतकर्ता, जो सेक्टर-82 ग्रेटर फरीदाबाद का रहने वाला है, ने बताया कि उसने इटोचू कॉर्पोरेशन जापान में सीनियर फाइनेंस मैनेजर पद के लिए आवेदन किया था। उसे ऑनलाइन इंटरव्यू के लिए मेल मिला और फिर चयन की सूचना के साथ ऑफर लेटर भेजा गया। इसके बाद दस्तावेजों की औपचारिकता पूरी करने के नाम पर उससे अलग-अलग खातों में पैसे मंगवाए गए।

पहले उसने 38,800 रुपये “रिफंडेबल सिक्योरिटी” के रूप में जमा किए, फिर वीजा प्रक्रिया के नाम पर 86,780 रुपये और भेजे। कुल मिलाकर उसने 1,25,580 रुपये ठगों के बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसने और पैसे नहीं भेजे, तो उसे कोई रकम वापस नहीं मिली।

जांच के बाद साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने तीन आरोपी पुष्पेंद्र भारद्वाज (31) निवासी लबेदी, बरेली (उ.प्र.),अर्पित प्रजापति (20) निवासी लक्ष्मीपुर, बरेली (उ.प्र.),और अनंत कुमार (20) निवासी नसीराबाद, रामपुर (उ.प्र.) को गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में पता चला कि अर्पित के बैंक खाते में ठगी के 34,000 रुपये आए थे और जिस मोबाइल सिम से कॉल किया गया था, वह अनंत के नाम पर थी। पुष्पेंद्र ने अर्पित का बैंक खाता और अनंत का सिम कार्ड ठगों को उपलब्ध कराया था।

पुलिस ने अर्पित और अनंत को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि पुष्पेंद्र को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।