May 2, 2024

तीन दिवसीय मेगा टीकाकरण अभियान सोमवार से शुरू : सिविल सर्जन

Palwal/Alive News : सिविल सर्जन डॉक्टर ब्रह्मदीप ने बताया कि पलवल जिले में तीन दिन का मेगा कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। सिविल सर्जन डॉ ब्रह्मदीप ने कहा कि प्रदेश भर में 1 लाख 65 हजार लोगों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। वही पलवल जिले में सोमवार, मंगलवार, बुधवार को लोगों का टीका लगाने का लक्ष्य मिला है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को टीका लगाने का होगा।

उन्होंने कहा कि अभियान में पहला टीका लगाने के साथ-साथ दूसरा टीका लगाने का भी लक्ष्य रहेगा, जिन लोगों को दूसरा टीका लगवाने का समय हो चुका है वे टीका जरूर लगवाएं। जिला में स्वास्थ्य विभाग की ओर से काफी शिविर लगाए जाएंगे। सिविल सर्जन ने बताया कि इसमें प्रत्येक गांव में टीकाकरण किया जाएगा। सभी उप स्वास्थ्य केंद्र पर 10 से ज्यादा जगह पर टीकाकरण किया जाएगा। क्षेत्र में शत प्रतिशत टीकाकरण लगवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी की है।

पलवल जिले में लगाए जा चुके 5 लाख 62 हजार 170 कोरोनारोधी टीके सिविल सर्जन ने बताया कि पलवल में 5 लाख 62 हजार 170 लोगों को टीके लगाए जा चुके हैं, इसमें से 2 लाख 50 हजार 272 महिलाओ को और 3 लाख 11 हजार 776 पुरुषो को टीके लगाए गये थे। उन्होंने बताया कि 18 साल से 44 साल तक के लोगो को 2 लाख 93 हजार 247 टीके और 45 से 60 साल के लोगों को 1 लाख 42 हजार 838 टीके लगे। इसी प्रकार 60 से उपर आयु के लोगों को 1 लाख 26 हजार 85 टीके लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग टीम ने शुक्रवार को 20 केंद्रों पर टीकाकरण अभियान चलाया और लोगों को टीके लगाए। विदेश जाने वाले 18 लोगों को दूसरा टीका लगाया गया। अभियान के नोडल अधिकारी व डिप्टी सिविल सर्जन डॉ योगेश मलिक ने कहा कि जिले में 5 लाख 62 हजार 170 टीके लगाए जा चुके हैं।