Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 16 दिसंबर को साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने गाजियाबाद से की।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, ओल्ड फरीदाबाद बस्सापाड़ा निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर वीडियो कॉल आया। कॉल करने वालों ने उसे गूगल पर एक लिंक खोलने और उसमें अपने कार्ड की जानकारी भरने को कहा। जानकारी भरते ही उसके मोबाइल पर ओटीपी आया, जिसे ठगों ने वीडियो कॉल के जरिए देख लिया। इसके बाद पीड़ित के खाते से 32,576 रुपये निकाल लिए गए।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आनंद मिश्रा निवासी प्रयागराज (हाल निवासी खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद), अंकित कुमार निवासी छपरा बिहार (हाल सेक्टर-62 नोएडा) और रितेश यादव निवासी हाथरस (हाल बहरामपुर, गाजियाबाद) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने नोएडा में एक ऑफिस बना रखा था। वहीं से वे लोगों को क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर कॉल करते थे। वीडियो कॉल के जरिए कार्ड की जानकारी और ओटीपी लेकर वे खातों से पैसे निकाल लेते थे और आपस में रकम बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार, पीड़ित को कॉल अंकित कुमार ने की थी। तीनों आरोपी पहले नोएडा में एक ही कॉल सेंटर में काम कर चुके हैं।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

