March 7, 2026

सेक्टर-16 पुलिस चौकी के पास स्कूल बस की टक्कर से तीन बच्चे घायल, एक की हालत गंभीर

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-16 पुलिस चौकी के पास बुधवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल की बस ने स्कूल जा रहे तीन छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों बच्चे घायल हो गए, जिनमें एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार तीनों बच्चे बाइक पर सवार होकर स्कूल जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार से आ रही स्कूल बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बच्चा बस के टायर के नीचे फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों, राहगीरों और पुलिसकर्मियों ने तुरंत बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

घायल छात्रों की पहचान प्रथम, हर्षित और सूरज के रूप में हुई है। इनमें से प्रथम के सिर में गंभीर चोट आई है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। दो अन्य बच्चों को भी चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।

परिजनों ने बताया कि तीनों बच्चे सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं और सुबह स्कूल समय पर घर से निकले थे। हादसे के बाद बस चालक मौके से आगे निकल गया था, लेकिन बाद में लोगों ने बस को रोक लिया। पुलिस ने बस को अपनी कस्टडी में ले लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-16 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

परिवारों ने प्रशासन और स्कूल प्रबंधन से मांग की है कि बच्चों के इलाज का पूरा खर्च उठाया जाए और लापरवाही बरतने वाले बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।