March 8, 2026

बीएसएनएल की केबल चोरी करने वाले तीन आरोपी फरीदाबाद में गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की लगातार कार्रवाई के तहत अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने बीएसएनएल की कॉपर केबल चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बीएसएनएल ने पुलिस को शिकायत दी थी कि सेक्टर-15A और सेक्टर-16A की डिवाइडिंग रोड पर कोई अज्ञात व्यक्ति बार-बार कॉपर केबल काटकर चोरी कर रहा है। शिकायत के आधार पर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया।

जांच के बाद अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने नोएडा और दिल्ली के तीन आरोपियों को पकड़ा आलोक (32), निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश, कार्तिक (25), निवासी सेक्टर-133 नोएडा, उत्तर प्रदेश, शाकिब (19), निवासी वेलकम कॉलोनी, शाहदरा, दिल्लीl

पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी नोएडा में साथ रहते हैं। वे रात के समय जेसीबी और कैंटर गाड़ी के साथ फरीदाबाद आए थे और सेक्टर-15 व 16 में कॉपर केबल काटकर गाड़ी पर लादकर ले गए थे। अक्टूबर महीने में उन्होंने मुख्य आरोपितों के साथ तीन बार इसी तरह केबल चोरी की थी और इसके बदले उन्हें पैसे मिलते थे।

पुलिस ने शाकिब और आलोक को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जबकि कार्तिक को जेल भेज दिया गया है।