Faridabad/Alive News: भूपानी क्षेत्र में हुई लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को अपराध शाखा सेक्टर-30 की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायतकर्ता अमन, निवासी गांव टिकावली ने पुलिस को बताया कि 11 जुलाई को वह अपनी दुकान पर बैठा था। तभी तीन युवक आए और आधार कार्ड से पैसे निकालने की बात कही। इसी दौरान एक युवक ने देशी कट्टा दिखाकर धमकाया और 37,200 रुपये लूटकर फरार हो गए। इस मामले में थाना भूपानी में केस दर्ज किया गया था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनीष (निवासी गांव लोहिना), दीपक और राहुल (दोनों निवासी गांव दिघौट, पलवल) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि वारदात की योजना रोहित ने बनाई थी। उसने मनीष, दीपक, राहुल और सचिन को अपनी गाड़ी में बैठाकर दुकान दिखाई। इसके बाद सचिन और रोहित ने दुकान की रेकी की, जबकि मनीष, दीपक और राहुल ने अंदर जाकर शिकायतकर्ता से पैसे लूट लिए।
फिलहाल रोहित और सचिन फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

