Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की पुलिस ने फैक्ट्री से जिंक और स्टील की सिल्लियां चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-68 निवासी जसविंद्र ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सिग्मा टेक्नोलॉजी नाम से फैक्ट्री चलाता है। 30 जून/1 जुलाई की रात को किसी ने फैक्ट्री का ताला तोड़कर 980 किलोग्राम जिंक और स्टील की सिल्लियां चोरी कर लीं। मामले की जांच थाना सदर बल्लभगढ़ में दर्ज की गई।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की पुलिस ने ओमप्रकाश (36) और मोहित (24), निवासी छांयसा, तथा आसिफ (28), निवासी नवादा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि ओमप्रकाश और मोहित पहले फैक्ट्री की रेकी करते थे और मौका मिलने पर चोरी को अंजाम देते थे। दोनों ने मोटरसाइकिल पर फैक्ट्री से जिंक और स्टील की सिल्लियां चोरी कर उन्हें कबाड़ी का काम करने वाले आसिफ को बेच दिया था।
पुलिस ने आरोपियों से 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

