March 8, 2026

अपहरण कर युवक से मारपीट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने अपहरण कर मारपीट करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गांव जुनहेड़ा निवासी राहुल ने शिकायत दी कि उसकी आरोपी डॉ. ललितेश कांत से जान-पहचान थी। ललितेश का अपनी पत्नी से केस चल रहा है और राहुल ने उसकी पत्नी की कानूनी मदद की थी। इसी बात को लेकर ललितेश उससे नाराज था।

दो जुलाई की रात राहुल अपने दोस्तों के साथ कांवरा मोड़ पर खड़ा था, तभी एक काली स्कॉर्पियो आई जिसमें ललितेश, कुलभूषण, मैनेजर और गोविंद बैठे थे। इन लोगों ने राहुल को जबरन गाड़ी में बैठाया और कुलभूषण के घर ले जाकर उसके हाथ-पैर बांधकर मारपीट की। बाद में उसे के.आर. मंगलम स्कूल के सामने फेंक दिया गया।

इस मामले में थाना भूपानी में केस दर्ज किया गया। जांच के बाद क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने डॉ. ललितेश कांत (निवासी, सेक्टर 88), गोविंद (निवासी, भारत कॉलोनी) और ललितेश मिश्रा (निवासी, सेक्टर 89) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आगे की जांच के लिए तीनों आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।