March 9, 2026

स्टॉक मार्केट में निवेश का झांसा देकर 3.5 लाख की ठगी,  तीन आरोपी गिरफ्तार 

Faridabad/Alive News: टेलीग्राम पर स्टॉक मार्केट में निवेश का झांसा देकर एक व्यक्ति से 3,50,632 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने मामले की जांच करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

रॉयल हैरिटेज, फरीदाबाद निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 29 अगस्त 2024 को उसे टेलीग्राम पर एक मैसेज मिला जिसमें स्टॉक मार्केट में अच्छा रिटर्न मिलने का दावा किया गया था। उसे COINDCX नाम की कंपनी के जरिए ट्रेडिंग करने को कहा गया। विश्वास में आकर उसने अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 3.5 लाख रुपये निवेश कर दिए, लेकिन जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की तो नहीं निकाल पाया। इसके बाद उसने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।

साइबर पुलिस ने जांच में पाया कि इस धोखाधड़ी में संजय (उम्र 24), वीरेंद्र (उम्र 28) और अरुण (उम्र 29), तीनों सिरसा (हरियाणा) के निवासी शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि संजय ने अपना बैंक खाता वीरेंद्र को दिया था और वीरेंद्र ने वह खाता अरुण को सौंप दिया। इस खाते में 34 हजार रुपये की ठगी की रकम आई थी।

संजय टेंपो चलाता है, वीरेंद्र खेती करता है और अरुण की बिजली के सामान की दुकान है। पुलिस ने वीरेंद्र और अरुण को कोर्ट में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है, जबकि संजय को जेल भेज दिया गया है।