Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने एक महिला से आभूषण ठगने के मामले में दो महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पैसों से भरे बैग का झांसा देकर महिला को ठगा था।
पुलिस के अनुसार, भारत कॉलोनी निवासी एक महिला ने बताया कि 10 सितंबर को वह बाजार गई थी। वहां उसे एक लड़की मिली जो बैंक का पता पूछ रही थी। तभी दो अन्य महिलाएं भी वहां आ गईं और लड़की का बैग देखने लगीं। बैग में पैसों की गड्डियां देखकर उन्होंने महिला को भरोसे में लिया और कहा कि वह भी ऐसे पैसे कमा सकती है। बातचीत के दौरान महिलाओं ने चालाकी से पीड़िता के आभूषण ले लिए और बदले में नोटों की गड्डियां थमा दीं।
जब महिला घर पहुंची और गड्डियां खोलीं, तो पता चला कि ऊपर का 500 रुपये का नोट असली था, लेकिन नीचे सभी कागज थे। इस पर उसने थाना ओल्ड फरीदाबाद में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच के बाद अपराध शाखा उचागांव की टीम ने दिल्ली निवासी दो महिलाओं और अतुल शर्मा (29), निवासी सोनिया विहार, करावल नगर (दिल्ली), को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पता चला कि अतुल इन दोनों महिलाओं के साथ रहता था और उन्हें दिल्ली से फरीदाबाद लाने-ले जाने का काम करता था। महिलाओं ने स्वीकार किया कि उन्होंने नकली पैसों का झांसा देकर महिला से आभूषण ठगे थे।
पुलिस ने अतुल को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि दोनों महिलाओं से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

