March 8, 2026

शाहरुख के जन्मदिन पर दिल्ली में इस जगह उमड़ती है भीड़, एक्टर के माता-पिता का शुक्रिया अदा करते हैं फैंस

Entertainment/Alive News: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। उनके 60वें जन्मदिन के मौके पर उनके फैंस और उनके करीबी उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। ऐसे में आज हम आपको बताने वाले हैं कि शाहरुख खान के मां-बाप कौन हैं और उनकी कब्र कहां है? 

मां-बाप की कब्र देखने आते हैं फैंस
शाहरुख खान दिल्ली में पैदा हुए और यहीं पले बढ़े। उनके मां-बाप की कब्रें दिल्ली के इलाके दिल्ली गेट के पास मौजूद जदीद अहले इस्लाम कब्रिस्तान में है। दोनों की कब्रें एक साथ हैं। इन दोनों की कब्रों को देखने के लिए शाहरुख के फैंस उनके जन्मदिन पर दूर-दूर से आते हैं। फैंस शाहरुख खान के माता-पिता का इस बात के लिए शुक्रिया अदा करते हैं कि उन्होंने दुनिया को इतना बड़ा स्टार दिया।

आखिरी बार कब आए थे शाहरुख खान?
न्यूज 18 के मुताबिक कब्रिस्तान की साफ-सफाई का काम करने वाले विनोद के मुताबिक शाहरुख खान आखिरी बार इस कब्रिस्तान में 2022 में आए थे। अब उनकी मौसी यहां आती हैं और कब्र की देखभाल करती हैं। उन्होंने बताया कि कब्रिस्तान में शाहरुख के मां-बाप की कब्रें सबसे अच्छी बनी हुई हैं।

शाहरुख के पिता के बारे में
आपको बता दें कि शाहरुख खान के पिता ताज मोहम्मद का जन्म पेशावर में हुआ था। वह स्वतंत्रता सेनानी थे। पिता की कब्र पर जन्म की तारीख 27 अक्तूबर 1927 लिखी है जबकि इनके निधन की तारीख 19 सितंबर 1980 लिखी है। 

शाहरुख की मां के बारे में
शाहरुख खान की मां का नाम लतीफ फातिमा था। वह मजिस्ट्रेट थीं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की वह करीबी थीं। उनका जन्म 1 जुलाई 1941 को हुआ था। उनके निधन की तारीख 15 अप्रैल 1991 है।