Faridabad/Alive News : शेयर मार्केट, प्री-आईपीओ और ब्लॉक डील्स में मोटे मुनाफे का लालच देकर करीब 73.97 लाख की साइबर ठगी करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना सेंट्रल टीम ने दो खाता प्रोवाइडरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम हर्ष (उम्र 34) और हर्षित (उम्र 23) निवासी जिला सीतापुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 19 जून को गिरफ्तार किया। मामले में पहले ही खाताधारक बलराम राठौर को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया जा चुका था।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-86 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 19 दिसंबर 2025 को उसके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप लिंक प्राप्त हुआ। लिंक पर क्लिक करने के बाद वह एक निवेश संबंधी व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ गया।
ग्रुप में मौजूद साइबर ठगों ने उसे स्टॉक्स, प्री-आईपीओ और ब्लॉक डील्स में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का झांसा दिया। ठगों के भरोसे में आने के बाद पीड़ित ने दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 73,97,600 ट्रांसफर कर दिए।
बाद में जब लाभ या रकम वापस लेने का प्रयास किया गया तो ठगी का पता चला। शिकायत मिलने पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी राम हर्ष ने खाताधारक बलराम राठौर का बैंक खाता हर्षित को उपलब्ध कराया था। इसके बाद हर्षित ने यह खाता आगे साइबर ठगों को सौंप दिया। पुलिस जांच के अनुसार ठगी की रकम में से 6.50 लाख इसी खाते में ट्रांसफर हुए थे।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी स्नातक (ग्रेजुएट) हैं। राम हर्ष निजी नौकरी करता है, जबकि हर्षित फोटोकॉपी की दुकान संचालित करता है।
मामले में गिरफ्तार खाताधारक बलराम राठौर को 17 जून को गिरफ्तार कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

