May 19, 2024

दफ्तर में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर कोई प्रदर्शन न हो : निगमायुक्त

Faridabad/Alive News : बृहस्पतिवार को नगर निगम आयुक्त यशपाल यादव ने इंजीनियरिंग ब्रांच के सभी अधिकारियों की एक बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने सभी को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि उनके दफ्तर में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर कोई प्रदर्शन करने नहीं आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अधिकारी लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता दें और जल्द आमजन की समस्याओं का समाधान करें। यदि नगर निगम अधिकारियों ने इसमें किसी भी प्रकार की कोई कोताही बरती तो इसके लिए संबंधित कार्यकारी अभियंता सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम आयुक्त ने कहा कि बेहतर होगा कि अधिकारी समय पर लोगों का काम करें जिससे उन्हें परेशान न होना पड़े। नगर निगम में 40 वार्ड आते हैं। इनमें करीब 20 लाख से अधिक की आबादी रहती है। इन वार्डों में पीने के पानी की सुविधा, सीवर, सड़क, पार्क, सफाई आदि की समस्याओं का अंबार लगा है। इसके अलावा सबसे अधिक बुरा हाल एनआईटी और बड़खल क्षेत्र का है। इन क्षेत्रों से आए दिन लोग नगर निगम मुख्यालय में प्रदर्शन करते रहते हैं।

मिली जानकारी के अनुसार यशपाल यादव ने कहा कि निगम के अधिकारी इन समस्याओं को दूर करने में रूचि नहीं दिखा रहे हैं। जनता की समस्या को सुलझाना अधिकारियों की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। तभी हम लोगों को बेहतर सुविधाएं दे सकेंगे। इस समय शहर में सबसे बड़ी समस्याएं पानी, सड़क, सीवर की है। इन्हें दूर करने के लिए इंजीनियरिंग ब्रांच के अधिकारी मुस्तैदी से काम करें। सभी अधिकारियों को सुबह 11 से 12 दफ्तर में रह कर आम जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे।