Faridabad/Alive News: थाना सारन क्षेत्र में मोबाइल फोन की दुकान से चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 55 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
सेक्टर-22 निवासी हिमांशु ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 11/12 फरवरी की रात को जवाहर कॉलोनी स्थित उसकी दुकान का शटर काटकर अज्ञात लोग लगभग 124 मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
अपराध शाखा सेक्टर-85 की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दीपक (34) और राजा (36), दोनों निवासी बड़ा खुर्साना, बुलंदशहर (उ.प्र.) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि राजा ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात की थी। चोरी किए गए 65 फोन उसने दीपक को बेचने के लिए दिए थे, जिनमें से 55 फोन पुलिस ने बरामद कर लिए।
पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में कुल 6 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और 114 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

