March 7, 2026

युवा कांग्रेस ने शुरू किया ‘नेशनल ऑफिस बेयर्स प्रोग्राम’

Ballabhgadh/Alive News: भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा देशभर के युवाओं को संविधान के मूल्यों पर आधारित नेतृत्व देने के उद्देश्य से ‘नेशनल ऑफिस बेयर्स (एनओबी) प्रोग्राम’ की शुरुआत की गई है। इस संबंध में हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।

निशित कटारिया ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल पदों की दौड़ नहीं, बल्कि संगठित प्रशिक्षण, जमीनी कार्य और सतत मूल्यांकन की प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से ऐसे जननेता तैयार किए जाएंगे जो संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हों। उन्होंने कहा कि आज संविधान खतरे में है और इसका सबसे अधिक प्रभाव युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं व वंचित वर्गों पर पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि एनओबी प्रोग्राम आठ महीने का राष्ट्रीय नेतृत्व निर्माण कार्यक्रम है, जिसमें चयनित युवाओं को संगठन निर्माण, जन आंदोलन, विचारधारा और जमीनी नेतृत्व पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन आवेदन, इंटरव्यू, बेसिक कैंप, ग्राउंड टेन्योर, लीडरशिप कैंप और फाइनल इंटरव्यू के बाद राष्ट्रीय संगठन में नियुक्ति शामिल है।

प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि 35 वर्ष से कम आयु के वे युवा आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास कम से कम तीन वर्ष का सामाजिक या राजनीतिक अनुभव हो। उन्होंने युवाओं से आगे आकर संघर्ष के माध्यम से राजनीति को साफ करने का आह्वान किया।

इच्छुक युवा www.iyc.in/nob-introduction पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। प्रेस वार्ता में गिरीश भारद्वाज, प्रियंका चंदेलिया, एडवोकेट हरीश और मुबीन खान मुख्य रूप से मौजूद रहे।