March 7, 2026

वर्ष 2025: शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियों के साथ अधूरी परियोजनाओं की चुनौती

Faridabad/Alive News: वर्ष 2025 जिले के शिक्षा क्षेत्र के लिए उपलब्धियों और चुनौतियों दोनों का गवाह रहा। एक ओर जहां जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई, वहीं कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक परियोजनाएं अधूरी रहने से छात्रों को निराशा भी झेलनी पड़ी।

राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन
एनआईटी-5 स्थित राजकीय कन्या विद्यालय का चयन देश के टॉप-10 स्कूलों में हुआ। पूरे प्रदेश से फरीदाबाद का यह एकमात्र स्कूल रहा, जिसने जिले का गौरव बढ़ाया।
इसके अलावा सेक्टर-28 स्थित राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र आकाश कुमार, प्रशांत वर्शनेय और रितंभरा कुमारी ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर क्रमशः कोलकाता, पटना और रांची के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस में प्रवेश लिया।

विश्वविद्यालय और कॉलेजों के विस्तार पर ब्रेक
जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के भवन विस्तार को लेकर 10 वर्षों से प्रयास जारी हैं, लेकिन अब तक एनओसी नहीं मिल पाई है। वर्ष 2014 में गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर 68 एकड़ भूमि चिन्हित की गई थी, पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।

पंडित जवाहर लाल नेहरू कॉलेज का छह मंजिला नया सरकारी भवन भी इस वर्ष तैयार नहीं हो पाया। वर्ष 2019 में शुरू हुआ यह निर्माण कार्य अब मार्च 2026 तक पूरा होने की संभावना है।

एनआईटी-5 स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का नया भवन भी तय समय पर तैयार नहीं हो सका। सात करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस भवन के फरवरी 2026 तक तैयार होने की उम्मीद जताई जा रही है।

अधूरा ऑडिटोरियम और निर्माण कार्य
खेड़ी गुजरान स्थित राजकीय महाविद्यालय में नए भवन का कार्य अभी 70 प्रतिशत ही पूरा हो पाया है। 17.13 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे ऑडिटोरियम और टीचिंग रूम अप्रैल 2026 तक पूरे होने की संभावना है।

कमियां जो रहीं बरकरार

  • खेड़ी गुजरान महाविद्यालय में बीबीए कोर्स शुरू नहीं हो सका, एआईसीटीई की अनुमति का इंतजार
  • एनआईटी-3 और सेक्टर-55 स्थित मॉडल संस्कृति विद्यालयों के नए भवनों का निर्माण शुरू नहीं हुआ
  • जिले में मॉडल संस्कृति स्कूलों की संख्या में कोई बढ़ोतरी नहीं
  • सेक्टर-23 स्थित राजकीय महाविद्यालय का निर्माण कार्य अब भी शुरू नहीं हो सका

शिक्षा क्षेत्र की प्रमुख उपलब्धियां

  • खेड़ी गुजरान महाविद्यालय में एमए पॉलिटिकल साइंस की शुरुआत
  • सेक्टर-16 स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू कॉलेज को मॉडल संस्कृति का दर्जा
  • इसी कॉलेज में गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय का स्टडी सेंटर शुरू
  • तिगांव स्थित राजकीय कन्या विद्यालय को पीएम श्री स्कूल का दर्जा
  • एनआईटी-1 स्थित राजकीय बाल उच्च विद्यालय को नया भवन
  • सुषमा स्वराज राजकीय कन्या महाविद्यालय बल्लभगढ़ में नए स्नातकोत्तर और स्नातक कोर्स
  • नचौली स्थित राजकीय महाविद्यालय में एमकॉम की शुरुआत
  • जिले की शैक्षणिक स्थिति
  • राजकीय महाविद्यालय: 9
  • कुल विश्वविद्यालय: 6
  • सरकारी विश्वविद्यालय: 1

विशेषज्ञों की राय
पूर्व उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनिधि के अनुसार, वर्ष 2025 शिक्षा के लिहाज से बेहतर रहा है। कॉलेजों में सुविधाओं का विस्तार हुआ और नए प्रोफेशनल कोर्स शुरू होने से छात्रों को लाभ मिला। हालांकि कई कॉलेजों में भवन निर्माण कार्य अधर में लटका है और प्राध्यापकों की कमी के कारण शिक्षकों पर अतिरिक्त बोझ है।

उन्होंने कहा कि एनईपी लागू होने के एक वर्ष बाद भी पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध नहीं हो पाई हैं, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। साथ ही मोहना कॉलेज के छात्रों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी, जिला स्तरीय लाइब्रेरी के लिए उपयुक्त स्थान, खेल सुविधाओं और कंप्यूटर लैब को दुरुस्त करने की आवश्यकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि शिक्षा से जुड़े प्रोजेक्ट समय पर पूरे होंगे तभी छात्रों का सर्वांगीण विकास संभव हो सकेगा।