April 19, 2024

मंदिर में पूजा करने आयी महिला को पुजारी ने बेरहमी से पीटा

Patna/Alive News : एक महिला द्वारा मंदिर में जबरन प्रवेश करने पर मंदिर के पुजारी द्वारा बेरहमी से महिला की पिटाई करने का मामला सामने आया है। दरअसल यह घटना बिहार के दरभंगा में स्थित मां श्यामा माई मंदिर का बताया जा रहा है। इस घटना की विडिओ सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है। वहीं महिला की पिटाई का आरोप मंदिर के पुजारी पर लगा है। घटना सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन ने पुजारी को हटा दिया है और जांच का आदेश जारी किया है। 

मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि घटना इसी हफ्ते की है। महिला राज परिसर में स्थित मां श्यामा माई मंदिर में पूजा करने पहुंची थी, लेकिन कोविड गाइडलाइन की वजह से मंदिर के दरवाजे आम लोगों के लिए बंद थे। महिला पूजा करने की जिद पर अड़ी थी, इसी वक्त वहां के पुजारी से महिला की भिड़ंत हो गई। पुजारी ने महिला के साथ पहले बदतमीजी की फिर बाल पकड़कर पीटा। महिला ने जब इसका विरोध किया तो पुजारी महिला को खदेड़कर मंदिर परिसर से बाहर कर दिया। पुजारी की इस घटना का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने बना लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।