March 7, 2026

फरीदाबाद में सड़क सुरक्षा पर तृतीय चरण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित, 145 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद यातायात पुलिस द्वारा 29 दिसंबर 2025 को साईं स्कूल, सेक्टर-86, फरीदाबाद में सड़क सुरक्षा पर आधारित तृतीय चरण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 2025-26 का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के सरकारी और निजी स्कूलों व शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपायुक्त एनआईटी एवं अतिरिक्त प्रभार डीसीपी ट्रैफिक मकसूद अहमद, आईपीएस रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस प्रतियोगिता में कुल 98 स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के 145 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों को उनकी उम्र और कक्षा के अनुसार अलग-अलग वर्गों में शामिल किया गया। कक्षा तीसरी से पांचवी तक के 24 स्कूलों के 30 विद्यार्थी, कक्षा छठी से आठवीं तक के 36 स्कूलों के 51 विद्यार्थी, कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के 34 स्कूलों के 53 विद्यार्थी तथा कॉलेज व अन्य शिक्षण संस्थानों के 4 संस्थानों से 11 विद्यार्थी प्रतियोगिता में शामिल रहे।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना, सड़क हादसों में कमी लाना और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी देना था। क्विज़ के माध्यम से छात्रों को अपने ज्ञान को परखने और सुरक्षित यातायात की समझ विकसित करने का अवसर मिला।

डीसीपी ट्रैफिक मकसूद अहमद ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदार सोच और सही व्यवहार से जुड़ा विषय है। यदि बच्चे छोटी उम्र से ही यातायात नियमों को समझ लें और उनका पालन करें, तो वे खुद के साथ-साथ समाज को भी सुरक्षित बना सकते हैं।

फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासित यातायात व्यवहार विकसित करने में मदद करती हैं और सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम के दौरान एसीपी ट्रैफिक शैलेंद्र सिंह, एसएचओ ट्रैफिक अनोज कुमार, डॉ. एम.पी. सिंह सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता का संचालन रोड सेफ्टी इंचार्ज इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने किया।

फरीदाबाद यातायात पुलिस ने सभी स्कूलों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार जताते हुए आम नागरिकों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करें और सुरक्षित यातायात को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।