March 7, 2026

सूरजकुंड मेले में 1 से 5 फरवरी तक सोलो सिंगिंग व डांस प्रतियोगिता, ‘वंदे मातरम्’ को समर्पित

Faridabad/Alive News: हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से 39वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड क्राफ्ट मेला-2026 के तहत सोलो सिंगिंग एवं डांस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ को समर्पित होगी।

प्रतियोगिता का आयोजन 1 फरवरी से 5 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 2 बजे के बीच सूरजकुंड मेला परिसर स्थित छोटी चौपाल में किया जाएगा। यह प्रतियोगिता सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए खुली रहेगी, जिसमें शास्त्रीय, लोक, देशभक्ति, बॉलीवुड और फ्यूजन शैलियों में प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन कर सकेंगे।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। विभाग ने इसे नवोदित कलाकारों को प्रोत्साहन देने और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।

हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग ने संगीत और नृत्य प्रेमियों से अपील की है कि वे इस प्रतियोगिता में भाग लेकर देशभक्ति, कला और संस्कृति के इस उत्सव का हिस्सा बनें तथा सूरजकुंड मेले की सांस्कृतिक गरिमा को और ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।