Faridabad/Alive News: स्टूडेंट पुलिस कैडेट कार्यक्रम के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अजरोंदा के विद्यार्थियों का पुलिस चौकी सेक्टर-15 का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, दैनिक ड्यूटी, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया, नाकाबंदी व्यवस्था और पुलिस संचार प्रणाली के बारे में जानकारी दी गई।
सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत कैडेट्स को सड़क सुरक्षा नियमों, सुरक्षित यातायात व्यवहार और जन-जागरूकता के महत्व से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को सेक्टर-15 चौक पर ले जाकर यातायात संचालन की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई, जहां ट्रैफिक मैनेजमेंट, यातायात संकेतों का पालन, वाहनों की सुचारु आवाजाही और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम से जुड़े पहलुओं को समझाया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पुलिस के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना, अनुशासन और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सड़क सुरक्षा के महत्व को व्यवहारिक रूप से समझाना रहा। पुलिस विभाग ने भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता और छात्र-हितकारी कार्यक्रम आयोजित करते रहने की बात कही।

