March 7, 2026

ईएसआईसी में बीते दो दिनों से जारी हड़ताल हुई समाप्त

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले के एनआईटी-3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बीते दो दिनों से जारी अनिश्चितकालीन डॉक्टरों हड़ताल समाप्त हो गई है। मेडिकल कॉलेज के डीन और डॉक्टरों के बीच मांगों को लेकर सहमति बनने के बाद डॉक्टरों ने मंगलवार देर रात हड़ताल खत्म करने की घोषणा कर दी।

डॉक्टर को ‘चोर’ कहे जाने के आरोप

दरअसल, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में डीन द्वारा एक पीजी डॉक्टर को ‘चोर’ कहे जाने के आरोप के बाद अस्पताल का माहौल तनावपूर्ण हो गया था। इस बयान से नाराज डॉक्टरों ने 5 दिसंबर से काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। हड़ताल के चलते अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बैठक में प्रमुख मांगों पर सहमति

ईएसआईसी के डॉक्टर हितेश कौशिक ने बताया कि मंगलवार रात कॉलेज एवं अस्पताल के डीन डॉ. चव्हाण कालिदास दत्तात्रेय ने डॉक्टरों के साथ बैठक की। बैठक में डॉक्टरों की प्रमुख मांगों पर सहमति बनी। डॉक्टरों की मांग थी कि उन्हें बुनियादी जरूरतों से जुड़ी दवाइयां लेने से रोका न जाए। साथ ही पीजी डॉक्टर को ‘चोर’ कहे जाने के मुद्दे पर भी डीन ने खेद प्रकट किया।

मरीजों को मिली राहत

मांगों पर सहमति और डीन द्वारा खेद जताए जाने के बाद सभी डॉक्टरों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी। हड़ताल खत्म होने के साथ ही अस्पताल में इलाज सेवाएं फिर से सामान्य हो गई हैं, जिससे मरीजों ने राहत की सांस ली है।