March 9, 2026

स्मार्ट सिटी फरीदाबाद की सड़कों पर अंधेरा, स्ट्रीट लाइटों की कमी से लोगों की बढ़ी मुश्किलें

Faridabad/Alive News: स्मार्ट सिटी का दर्जा पाने वाला फरीदाबाद आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। शहर की कई मुख्य सड़कें अंधेरे में डूबी रहती हैं। कुछ सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगी ही नहीं हैं, अगर लाइट लगी भी है तो जल नहीं रही है। इससे शाम ढलते ही वाहन चालकों, राहगीर और खासकर महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पॉवर हाउस रोड पर लाइटों का अभाव
बाटा चौक से मुजेसर गांव को जोड़ने वाली पॉवर हाउस रोड पर कहीं भी स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है। इसी सड़क पर एक शराब का ठेका भी है, जहां शाम होते ही कुछ असामाजिक तत्व जमा हो जाते हैं। इस कारण यहां से गुजरने वाली महिलाओं को अंधेरा होने के कारण डर का सामना करना पड़ता है।

इंडस्ट्री एरिया में भी अंधेरा
एनआईटी इंडस्ट्री एरिया की कई सड़कें भी अंधेरे में डूबी रहती हैं। ओसवाल कंपनी से लेकर व्हर्लपूल और फिर सारन चौक तक स्ट्रीट लाइटें तो लगी हुई हैं, लेकिन वे जलती ही नहीं। ऐसे में रात के समय यहां से गुजरना लोगों के लिए खतरे से खाली नहीं होता। इन सड़कों पर अक्सर अंधेरा रहता है और अंधेरे के कारण मजदूरों से मोबाइल और पैसे छीनने की घटना हो चुकी है। कंपनियों में महिला मजदूर भी काम करती है और उनको सड़क पर अंधेरा होने की वजह से घर जाने में कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

सरूरपुर की सड़क पर दोहरी समस्या
सरूरपुर इंडस्ट्री एरिया की हालत और खराब है। सोहना रोड से सरूरपुर गांव को जोड़ने वाली सड़क पर स्ट्रीट लाइटें नहीं हैं। इसके साथ ही यहां 15 साल पहले बना नाला बंद हो चुका है, जिससे सड़क पर पानी भर जाता है। अंधेरे और जलभराव के कारण वाहन चालकों और राहगीर दोनों को परेशानी होती है।

लोगों की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब फरीदाबाद को स्मार्ट सिटी का दर्जा दिया गया है, तो यहां की सड़कों पर कम से कम स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था तो होनी ही चाहिए। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इन इलाकों में लाइट लगवाई जाए और खराब लाइटों को ठीक किया जाए, ताकि सुरक्षा और सुविधा दोनों सुनिश्चित हो सकें।