Delhi/Alive News: तूफान कल्मेगी ने वियतनाम और फिलीपींस में भीषण तबाही मचाई है। वियतनाम में कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि रिहायशी इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। बता दें कि यह तूफान कुछ दिन पहले ही फिलीपींस में व्यापक तबाही मचाकर आगे बढ़ा था। फिलीपींस में इस तूफान की चपेट में आने से 188 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 135 लोग लापता हैं।
खबरों के मुताबिक तूफान कल्मेगी के कारण वियतनाम के डाक लक और जिया लाई प्रांतों में सबसे ज्यादा जनहानि हुई है। तीन लोग डाक लक में और दो लोग जिया लाई में मारे गए हैं। क्वांग नगाई में तीन लोग लापता हैं। तूफान की चपेट में आने वाले 52 घर पूरी तरह नष्ट हो गए, जबकि लगभग 2,600 अन्य घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा। इनमें से 2,400 से अधिक घर जिया लाई में हैं। तूफान के कारण बिजली सप्लाई पर भी असर पड़ा है। विद्युत सप्लाई बाधित होने से 16 लाख से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं।

